प्रदेश पत्रिका :- राष्ट्रीय आयुष मिशन योजनांतर्गत कलेक्टर श्री हर्ष सिंह के निर्देशन में तथा जिला आयुष अधिकारी डॉ कविता गढ़वाल के मार्गदर्शन में आयुष विभाग के 10 औषधालयों द्वारा आयुष्मान स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें आयुष्मान स्वास्थ्य शिविर की थीम के अनुसार सामान्य मुख समस्याओं के लिए देखभाल के अंतर्गत ग्रामीणों के मुख रोग से सम्बंधित कुछ सामान्य लक्षण जैसे- मुंह में छाले या घाव, मसूड़ों से खून आना, दांतों में दर्द, सांसों की बदबू, निगलने में कठिनाई आदि के बारे में जानकारी दी गई। तथा मुख रोगों में औषधीय द्रव्यों से कवल व गडुष, निम्ब, बबूल की दातुन करने के लिए प्रेरित किया। दशन संस्कार चूर्ण, खदिरदी वटी नीम, पीलू, खदिर आदि के दातून वितरित भी किए गए।
जिला आयुष अधिकारी डॉ कविता गढ़वाल ने बताया कि आयुष विभाग के निर्देशानुसार प्रतिमाह के 14 तारीख को आयुष्मान स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाता है जिसमे अलग अलग स्थानों में अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा थीम अनुसार ग्रामीणों के मुखरोगों का परीक्षण कर चिकित्सा तथा आयुष औषधियों का वितरण किया जाता है।
साथ ही ‘‘नशामुक्ति अभियान’’ अंतर्गत नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु ग्रामीणों को नशामुक्ति हेतु शपथ दिलाई जाती है तथा नशा करने से होने वाले हानिकारक प्रभाव के बारे में जानकारी दी जाती है। आयुष्मान स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से 557 लोगों को लाभान्वित किया गया। 21 जून को अंतराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रचार-प्रसार हेतु उपस्थितजनों को ‘‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’’ के लिए योग थीम पर आधारित योग के महत्व की जानकारी दी गई एवं नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को ग्रीष्म ऋतु, वर्षा ऋतु सन्धि पित्त की वृद्धि होने से रोग जैसे चर्मरोग, विबंध, अम्लपित्त, अतिसार, गृहणी, विषम ज्वर आदि रोगों से बचाव के उपाय बताये गए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें