प्रदेश पत्रिका:- बुरहानपुर शारदीय नवरात्रि में ग्राम खामनी में बन रहे भव्य मां वैष्णो देवी धाम में माता रानी की घट स्थापना हेतु मां वैष्णोदेवी कटरा की प्रतिकृति को आकार दिया जा रहा है कटरा से माँ वैष्णो देवी की चरण पादुका बुरहानपुर लाई गई। इस अवसर पर देवी भक्तों ने रेलवे स्टेशन पर चरण पादुका का पूजन कर ग्राम खामनी तक शोभायात्रा निकाली। चरण पादुका पूजन एवं शोभायात्रा में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) भी शामिल हुई। शोभायात्रा बुरहानपुर रेलवे स्टेशन से प्रारंभ हुई, जो सिंधीबस्ती, शनवारा, शिकारपुरा, शाहपुर नगर, कोदरी, बोरगांव फाटा होकर ग्राम खामनी पहुंची। मां वैष्णोदेवी की चरण पादुकाएं कटरा से बुरहानपुर पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों, भक्तों ने अगवानी की। शोभायात्रा का स्थान-स्थान पर स्वागत किया गया। इस दौरान भक्तों में खासा उत्साह देखा गया।
इस अवसर पर श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि खामनी ग्रामवासियों ने धार्मिक आस्था और अटूट संकल्प का एक अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने अपने गाँव में कटरा- जम्मू स्थित माता वैष्णो देवी धाम की प्रतिकृति बनाने का एक बड़ा और पवित्र संकल्प लिया था। इस पवित्र कार्य को पूरा करने के लिए पूरा गाँव एक साथ आया और हर व्यक्ति ने इसमें अपना पूरा सहयोग दिया। इस धार्मिक यात्रा की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी थी माता रानी की चरण पादुकाओं को वैष्णो देवी धाम से खामनी गाँव तक लाना। ग्रामवासियों का एक समूह पूरी श्रद्धा के साथ वैष्णांे देवी धाम गया, जहाँ उन्होंने विधि-विधान के साथ माता रानी की चरण पादुकाओं को प्राप्त किया। आज, जब वे चरण पादुकाओं को लेकर बुरहानपुर रेलवे स्टेशन पर पहुँचे, तो उनका स्वागत करने के लिए ग्रामीण शहरी क्षेत्रों से लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यह दृश्य गाँव के लोगों की आस्था और भक्ति का प्रमाण था।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि खामनी के ग्रामवासियों ने यह साबित कर दिया है कि जब धर्म और संस्कृति की उपासना का संकल्प लिया जाता है, तो ईश्वर भी उस कार्य को पूरा करने में मदद करते हैं। इस कार्य में न केवल खामनी गाँव के लोग शामिल थे, बल्कि आस-पास के सभी गाँवों ने भी अपना अमूल्य योगदान दिया। यह एक अद्वितीय उदाहरण है जहाँ एक पूरा समुदाय एक साझा धार्मिक लक्ष्य के लिए एकजुट हुआ है। यह पहल हम सभी के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। यह हमें सिखाती है कि सच्ची आस्था, समर्पण, और सामूहिक प्रयासों से किसी भी बड़े कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकता है। यह सिर्फ एक मंदिर का निर्माण नहीं है, बल्कि यह आपसी भाईचारे, सहयोग और दृढ़ संकल्प की एक मिसाल है। खामनी गाँव के लोगों की यह अद्भुत भक्ति भाव और उनका समर्पण वास्तव में सराहनीय है।
नवरात्रि में खामनी बनेगा कटरा, मां वैष्णोदेवी होंगी प्रकट
शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर बुरहानपुर का ग्राम खामनी कटरा बनेगा और यहां मां वैष्णोदेवी प्रकट होगी। जहां श्रद्धालुओं को माता वैष्णो देवी के दर्शन होंगे। सुंदर और भव्य वैष्णोदेवी का दरबार सजेगा। इस हेतु 22 सितंबर से 6 अक्टूबर 2025 तक एक दिव्य आयोजन होगा। जिसमें विभिन्न स्थानों से लगभग 4 लाख श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ आने का अनुमान है।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि नवरात्रि के पावन पर्व पर बुरहानपुर के ग्राम खामनी मंे यह विशेष आयोजन किया जा रहा है। यहां मां वैष्णो देवी माता मंदिर की अस्थाई स्थापना की जाएगी। इस हेतु ग्राम के 3 से 4 किमी की परिधी में पर्वत माला पर विराजित माता वैष्णो देवी जैसा दृश्य निर्माण हेतु प्रयास किया जा रहा है। श्रीमती चिटनिस ने आयोजन की रूपरेखा के बारे में विस्तृत जानकारी देकर इस दिव्य आयोजन की सफलता हेतु सुझाव भी आमंत्रित किए। उन्होंने कहा कि यह 15 दिवसीय आयोजन पूर्णतः प्लॉस्टिक मुक्त रखा जाएगा।
आयोजन से जुड़े ग्रामीणों ने कहा कि यह दिव्य और भव्य आयोजन लोकप्रिय नैत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस के सहयोग और मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। उनके द्वारा समय-समय पर दिए जा रहे मार्गदर्शन और सहयोग से ही यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सकेगा।
हरियाली के लिए की विशेष व्यवस्था
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने बताया कि संपूर्ण क्षेत्र को पहाड़ी और हरियाली नुमा बनाया जाएगा। इस दिव्य आयोजन के लिए ग्रामीणों ने आयोजन के दौरान हरियाली नुमा माहौल हेतु विशेष व्यवस्था की है। ग्रामीणों ने 3 हजार पौधों का रोपण किया है, जिसका उपयोग आयोजन स्थल पर किया जाएगा। इसके साथ ही इस आयोजन के दौरान कार्यक्रम हेतु उपयोग में आने वाले प्राकृतिक फुलों की व्यवस्था के लिए भी कार्ययोजना तैयार की गई है। गांव में 18 हजार झेंडू के पौधों का रोपण ग्रामीणों ने अपने-अपने खेतों में किया है।
पवित्र गुफा के दर्शन
माता वैष्णवदेवी की अस्थाई स्थापना मार्ग पर पवित्र गुफा के दर्शन, प्रथम दर्शन बाण गंगा, द्वितीय दर्शन चरण पादुका, तृतीय दर्शन गर्भ गुफा, चतुर्थ दर्शन अर्धकुवारी, पंचम दर्शन मां वैष्णव देवी भवन, पष्ठम दर्शन भैरव बाबा मंदिर के दर्शन होंगे। उत्सव की तैयारियां जून 2025 से आरंभ की गई थी। जो प्रतिदिन जारी है।
ग्रामीण दे रहे है सेवाएं
इस दिव्य आयोजन में खामनी एवं आसपास गांवों के ग्रामीण अपनी सेवाएं देने हेतु अपनी सहमति दे चुके है। खामनी गांव में हर वर्ष 5 स्थानों पर माता जी की स्थापना की जाती है। सभी ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि इस वर्ष एक ही स्थान पर माता जी की स्थापना की जाएगी। गांव में होने जा रहे इस आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु गांव के ही सेवानिवृत्त फौजी प्रमोद श्यामराव मोतेकर और चुड़ामन दत्तु पाटिल गांवों के युवाओं को प्रशिक्षण दे रहे है। जिसमें यहां आने वाले भक्तों की सुविधाओं, सुरक्षा और व्यवस्था करने मंे कैसी सहायता और कार्य करना है, इस हेतु प्रशिक्षण दे रहे है। इसके अलावा 700 से अधिक ग्रामीण सेवादारों को भी तैयार किया जा रहा है, जो इस आयोजन का हिस्सा रहेंगे।
दिव्य आयोजन की सफलता हेतु बनाई समिति
इस दिव्य आयोजन के लिए श्री मां वैष्णो देवी समिति बनाई गई है। इसके अध्यक्ष योगेश मोतेकर को बनाया गया है। समिति द्वारा विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) को मार्ग दर्शक बनाया गया है। समिति में ईश्वर पाटिल, जिला पंचायत सदस्य किशोर पाटिल, लक्ष्मण महाजन, घनश्याम पाटिल, चेतन महाजन, उमाकांत केलकर, सुभाष पाटिल, सुनिल महाजन, भूषण महाजन, प्रमोद राजपूत एवं कन्हैया प्रजापति सहित अन्य सेवादारों को सम्मिलित किया गया है।
Comments
Post a Comment