मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा वर्ष 2024-25 की कक्षा 12वीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 94234 विद्यार्थियों को लैपटॉप क्रय करने हेतु राशि रूपये 25 हजार सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की गई।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम कुशाभाउ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिण्टो हॉल) भोपाल आयोजित रहा।
प्रदेश पत्रिका :- आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाईव प्रसारण शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उ.मा. विद्यालय में सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटील, महापौर श्रीमति माधुरी पटेल, जिला अध्यक्ष श्री मनोज माने, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमति अनिता यादव, अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री हर्ष सिंह, अपर कलेक्टर श्री वीरसिंह चौहान, डिप्टी कलेक्टर श्री राजेश पाटीदार, जिला शिक्षा अधिकारी श्री संतोष सिंह सोलंकी सहित जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं द्वारा देखा व सुना गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की फोटो पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि, प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना अंतर्गत वर्ष 2024-25 में कक्षा 12वीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत एवं उससे अधिक अंक लाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप क्रय करने हेतु राशि रूपये 25 हजार की प्रोत्सहन राशि दी गई। इसी कड़ी में जिले के 525 मेधावी विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहन राशि अंतरित की गई।
सांसद श्री पाटील ने अपने संबोधन में कहा कि, छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ाने एवं उच्च शिक्षा देने के उद्देश्य से विभिन्न शासकीय योजनाएं संचालित की जा रही है। शासन द्वारा पीएमश्री स्कल खोलकर भी बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी कड़ी में कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, विद्यार्थी लैपटॉप के माध्यम से तकनीकी शिक्षा से भी जुड़ सकेंगे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि, अपने लक्ष्यों को निर्धारित कर उसके अनुरूप कार्य करें। मेहनत ही सफलता की कुंजी होती है। यदि हम अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए मेहनत करेंगे तो अवश्य ही सफल होंगे। कलेक्टर श्री सिंह ने छात्र-छात्राओं को शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेने हेतु भी प्रेरित किया।
Comments
Post a Comment