प्रदेश पत्रिका:- जिले में त्यौहार शांति पूर्वक एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनाये जाने तथा कानून व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्री हर्ष सिंह की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी, अपर कलेक्टर श्री वीरसिंह चौहान, अध्यक्ष श्री मनोज माने, समिति के अन्य सम्माननीय सदस्यगण, पुलिस, राजस्व सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि, इस माह गणेश चतुर्थी त्यौहार पर स्थापित होने वाले गणेश मंडलों को मूर्ति स्थापना के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी से निर्धारित रूट अनुसार लिखित में अनुमति लेना अनिवार्य होगा। पंडालों पर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने होंगे।
शोभायात्रा में किसी भी प्रकार के पटाखे, आतिशबाजी, ज्वलनशील पदार्थ का प्रदर्शन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। गणेश मंडलों की सूची तैयार कर आयोजक के प्रभारी व 2 जिम्मेदार सदस्यों के नाम, पता एवं मोबाइल नंबर संबंधित थानों में देना होंगे।
अधिकारी करेंगे निरंतर भ्रमण
गणेश उत्सव, मिलाद-उन-नबी त्यौहारों पर कानून व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को दिये गये। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि, त्यौहारों के दौरान पुलिस एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट निरंतर अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा चिन्हित विसर्जन स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था, बेरिकेटिंग, क्रेन, साफ-सफाई, मेडिकल व्यवस्था, सुरक्षा जवानों की ड्यूटी सहित अन्य व्यवस्था को लेकर संबंधितों को निर्देशित किया गया। कलेक्टर श्री सिंह ने समिति सदस्यों से अनुरोध किया कि, प्लास्टिक की जगह अन्य विकल्पों का उपयोग करने के लिए लोगों को प्रेरित करें।
कलेक्टर ने दिये गुणवत्ता के साथ पेचवर्क के निर्देश
शांति समिति की बैठक में सदस्यों द्वारा आवश्यक सुझाव दिये गये। तत्पश्चात कलेक्टर श्री सिंह ने विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। मुख्य सडकों एवं जहां मरम्मत की आवश्यकता है वहां संबंधित विभाग गुणवत्ता के साथ पेचवर्क शीघ्र पूर्ण करें। इसके अलावा आवारा पशुओं को पकड़ने, बिजली की तारों की उंचाई बढ़ाने, रोड़ किनारे की झाड़ियों को हटाने, यातायात व्यवस्था, डीजे पर कार्यवाही सहित अन्य कार्यों के संबंध में सख्त निर्देश दिये।
सहयोगी जनता-सक्रिय पुलिस
इस अवसर पर पुलिस प्रशासन द्वारा गणेश उत्सव पर पुलिस सहायता के लिये किये जा रहे नवाचार की जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने कहा कि, बुरहानपुर पुलिस द्वारा सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए, सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जायेगी, त्यौहारों के दौरान सख्त मॉनिटरिंग रहेगी। गणेश उत्सव पर किसी भी प्रकार की पुलिस सहायता के लिये क्यूआर कोड का विमोचन किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने बताया कि, इस बार सभी गणेश पंडालों पर 24×7 पुलिस सहायता के लिये क्यूआर कोड रहेगा। किसी भी प्रकार की पुलिस सहायता हेतु व्यक्ति को क्यूआर कोड स्कैन करना होगा, उसके बाद अपना नाम, मोबाइल नंबर, संबंधित थाने का नाम एवं सहायता के लिये जानकारी भरनी होगी, आवश्यकतानुसार घटना स्थल का फोटो भी अपलोड कर सकते है, सबमिट करते ही संबंधित अधिकारी के फोन पर कुछ की सेकंड में जानकारी पहुंच जायेगी और पुलिस प्रशासन द्वारा तत्काल सहायता उपलब्ध करायी जायेगी।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें