शुक्रवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने CMHelpline की समीक्षा बैठक ली। आयोजित बैठक में विभागवार लंबित शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गयी।
✅ सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का त्वरित निराकरण करें, लापरवाही मिलने होगी कार्यवाही- कलेक्टर श्री सिंह
✅ कलेक्टर श्री सिंह ने वन-टू-वन चर्चा कर अधिकारियों से शिकायतों की वास्तविक स्थिति की ली जानकारी
शुक्रवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने CMHelpline की समीक्षा बैठक ली। आयोजित बैठक में विभागवार लंबित शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गयी। कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का शीघ्र एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
संतुष्टिपूर्वक एवं नियमानुसार शिकायतों का करें निराकरण
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने विशेष रूप से 100 दिवसों से लंबित शिकायतों की गहन समीक्षा की। उन्होंने कई प्रकरणों को बैठक में ही पोर्टल पर ओपन कर अधिकारियों से पॉइंट-टू-पॉइंट चर्चा की और शिकायतों की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन शासन की प्राथमिकता का विषय है, इसलिए प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार एवं संतोषजनक समाधान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निराकरण के दौरान आवेदकों से सीधे संपर्क कर जानकारी लें तथा पोर्टल पर स्पष्ट एवं व्यवस्थित जवाब दर्ज करें। जो शिकायतें नियमों के अनुरूप नहीं हैं, उन्हें तत्काल क्लोज करने की कार्यवाही की जाए।
बैठक के दौरान आवेदकों से सीधे फोन पर चर्चा की गयी तथा शिकायतों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि शिकायतें अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए, अन्यथा संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में लंबित शिकायतों पर विभागवार अधिकारियों से बारी-बारी से चर्चा की गई। अतिक्रमण संबंधी शिकायतों में मौके पर पहुंचकर शिकायतों की जांच एवं निराकरण करने के निर्देश दिये गये। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिकायतों के निराकरण में देरी एवं संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करने पर कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित कर्मचारी का 7 दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए गए, वहीं सीएमएचओ को सख्त निर्देश दिये कि, कार्यों में लापरवाही मिलने पर कार्यवाही की जाएगी।
निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने यह भी निर्देश दिए कि जिन शिकायतों में जांच आवश्यक है, उनके लिए जांच समिति का गठन किया जाए। बैठक में प्रसूति संबंधी शिकायतों की भी समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में राजस्व, स्वास्थ्य, जनजातीय कार्य विभाग, ओबीसी, लोक निर्माण विभाग, एलडीएम, श्रम, शिक्षा, माइनिंग, सहकारिता, महिला एवं बाल विकास तथा परिवहन विभाग सहित अन्य विभागों की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए निराकरण में तेजी लाने और दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही गयी। बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री सृजन वर्मा, अपर कलेक्टर श्री वीरसिंह चौहान सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें