बुरहानपुर जिले में समर्थन मूल्य पर चना उपार्जन की प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन काफी सक्रिय नजर आ रहा है। रेणुका कृषि उपज मंडी स्थित केंद्र का निरीक्षण किया गया।
कलेक्टर श्री हर्ष सिंह के निर्देशानुसार बुधवार को जिला पंचायत सीईओ एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा द्वारा रेणुका कृषि उपज मंडी स्थित चना उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर संचालित व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीईओ श्री वर्मा ने किसानों द्वारा लाई गई उपज के बिल बनाने की प्रक्रिया का निरीक्षण करते हुए निर्देशित किया कि उपज विक्रय के समय ही बिलिंग की प्रक्रिया पूर्ण की जाए तथा प्रत्येक बैग पर तत्काल क्यूआर कोड लगाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान मौके पर ही किसानों की तुली हुई उपज के बैगों का पुनः वजन कर जांच की गई, जिसमें सभी बैगों में उपज की मात्रा सही पाई गई। इस अवसर पर उपस्थित किसानों से उर्पाजन के संबंध में चर्चा की गयी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपार्जन कार्य पूरी पारदर्शिता एवं सुचारु व्यवस्था के साथ संचालित किया जाए, ताकि किसानों को बेहतर सुविधा मिल सके। इस अवसर पर उपसंचालक कृषि श्री एम.एस.देवके, नोडल अधिकारी मार्कफेड श्री संदीप इंगले, सहकारिता नोडल अधिकारी श्री अशोक चौधरी सहित कृषकगण मौजूद रहे।
कलेक्टर श्री हर्ष सिंह के मार्गदर्शन में इस तरह के औचक निरीक्षणों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक किसानों तक बिना किसी बाधा के पहुँचे।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें