बुरहानपुर के सर्वोदय नगर निवासी, समाजसेवी राजेश मावले ने शहर की खराब सड़कों की दुर्दशा और यातायात सुरक्षा को लेकर एक अनोखा और रचनात्मक तरीका अपनाया है।

📰 अनोखी पहल: यमराज बनकर राजेश मावले ने बुरहानपुर की सड़कों पर उठाई आवाज! 🛵
बुरहानपुर: सर्वोदय नगर निवासी, समाजसेवी राजेश मावले ने सड़कों की दुर्दशा के खिलाफ आवाज उठाने का अनोखा तरीका अपनाया है. वे यमराज की वेशभूषा में हाथ में माइक लेकर सड़क पर उतर आए हैं. उन्होंने ये तरीका किसी को डराने के लिए नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करने के लिए अपनाया है, जिससे सड़कों पर बाइक चलाते समय लोग हेलमेट का इस्तेमाल करें.
हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने की अपील
यमराज की पोशाक पहन राजेश मावले शहर के मुख्य शनवारा चौराहा पर खड़े हो गए, जहां लोगों को समझाइश दी है और यातायात नियमों के पालन करने का संदेश दिया. यमराज की वेशभूषा में उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को वाहन चलाते समय हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की सलाह दी है. इसके साथ ही चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाने की अपील की.
सड़कों पर यमराज की पोशाक में राजेश मावले को देख लोगों की भीड़ जमा हो गई. राजेश लोगों से कहते नजर आए 'सावधान रहिए, हेलमेट पहनिए, सीट बेल्ट लगाइए, ताकि असमय मुझे बुलावा न देना पड़े!'इस दौरान उन्होंने लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट का महत्व समझाया और यातायात नियमों की जानकारी भी दी. इस अनोखी पहल के लिए लोगों ने राजेश की जमकर सराहना भी की है.
सरकार से सड़क बनाने की मांग
समाजसेवी राजेश मावले बताते हैं कि "शहर की सड़कों का हाल बेहाल है. जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं. इससे हादसों का अंदेशा बना रहता है. जिसके कारण वाहन चालक परेशान हैं. इसलिए हमने आम नागरिकों को सड़कों पर चलते समय सावधानी बरतने की बात कही है. इसके साथ ही सरकार से बुरहानपुर की सड़कों का निर्माण करने की मांग की है."
व्यंग्य
मौके पर मौजूद अधिवक्ता मोहम्मद हनीफ खान ने कहा कि "शहर के लोग इतने त्रस्त हो चुके हैं कि यमराज बनने को मजबूर हैं. जिम्मेदारों को इसे गंभीरता से लेने की जरूरत है. लोगों को इस समस्या से निजात दिलाना चाहिए. समाजसेवी राजेश मावले का यह अंदाज एक तरफ यह प्रशासन पर व्यंग्य है. दूसरी तरफ एक गंभीर चेतावनी भी है. यदि सड़कों की मरम्मत नहीं हुई, तो हादसे किसी की भी जिंदगी छीन सकते हैं."

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें