बुधवार को कलेक्टर श्री हर्ष सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी की उपस्थिति में बाढ़ आपदा प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्षाकाल को दृष्टिगत रखते हुए बाढ़ एवं अन्य संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि संवेदनशील एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों में उपयोग होने वाले उपकरणों, वाहनों तथा आवश्यक सामग्री की उपलब्धता रहे।
कलेक्टर श्री सिंह ने नगरीय निकायों को निर्देशित किया कि फिल्ड विजिट कर जर्जर भवनों को चिन्हित करे, नियमानुसार नोटिस दे एवं आवश्यक कार्यवाही की जायें। उन्होंने शहरी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति पर चर्चा भी की।
बैठक में निर्देश दिये गये कि शिक्षा विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग यह सुनिश्चित करे कि शाला एवं आंगनवाड़ी जर्जर भवनों में तो नहीं लग रहे है, इसकी जांच करे तथा इसका प्रमाण पत्र देवें एवं उचित कार्यवाही करे। पिकनिस स्पॉट एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा की दृष्टि से संकेतक बोर्ड लगाये गये है। होमगार्ड विभाग को सभी उपकरणों एवं संसाधनों, क्यूआरटीम, वॉलेन्टियर्स सहित सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिये गये। पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने गोताखोरों की जानकारी ली एवं संवेदनशील घाटों, क्षेत्रों पर सतत् निगरानी रखने की बात कही।
जिले में कलेक्टर श्री सिंह के निर्देशानुसार अतिवर्षा एवं बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिये कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, कंट्रोल रूम मो.न.- 73252-54022 है। बैठक में बाढ़ की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने, प्रभावित क्षेत्रों में संचार व्यवस्था बनाए रखने तथा विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों को आपदा की स्थिति में तत्परता से कार्य करने एवं आमजन की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के लिए कहा गया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा विभागीय तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की गई तथा आपदा प्रबंधन को लेकर आवश्यक कार्य-योजना पर चर्चा की गई।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें