कपास की आड़ में उगा रहे थे गांजा, पुलिस ने 50 पौधे किए जब्त खकनार के उसारणी गांव में कार्रवाई, 107.200 किलो वजनी पौधों की कीमत करीब 2 लाख रुपए बुरहानपुर। खकनार थाना क्षेत्र के ग्राम उसारणी में पुलिस ने कपास की फसल के बीच छिपाकर की जा रही गांजे की अवैध खेती पकड़ी है। शनिवार सुबह 9:00 बजे पुलिस ने खेत से गांजे के 50 हरे पौधे जब्त किए हैं। इनका कुल वजन 107.200 किलो और अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर को थाना प्रभारी अभिषेक जाधव को सूचना मिली थी कि ग्राम उसारणी निवासी प्रताप पिता भगरसिंग चंगड़ अपने खेत में कपास की फसल के बीच गांजे के पौधे उगा रहा है। इसके बाद पुलिस ने राजस्व और वन विभाग के अधिकारियों तथा स्वतंत्र पंचों के साथ खेत में दबिश दी। तलाशी के दौरान कपास के बीच गांजे के 50 पौधे मिले। इनकी लंबाई चार से आठ फीट तक थी। पुलिस ने पौधों को जब्त कर आरोपी प्रताप चंगड़ के खिलाफ खकनार थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(ए) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है। आप देख रहे है 👇
बुरहानपुर। ग्रामीण परिवारों को आबादी भूमि का वैधानिक अधिकार दिलाने के लिए जिले में स्वामित्व योजना के तहत पंजीयन कार्य तेजी से किया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार राजस्व विभाग का अमला समयसीमा में कार्य पूरा करने के लिए सुबह से देर शाम तक जुटा हुआ है। कलेक्टर विवेक कुमार लगातार पंजीयन कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अधिकारी-कर्मचारी कहीं सुबह जल्दी तो कहीं देर शाम तक बैठकर पंजीयन संबंधी कार्यों को पूरा कर रहे हैं। जिले में योजना के तहत कुल 72,160 स्वामित्व रजिस्ट्रियां वितरित की जानी हैं, जिससे 1,13,468 हितग्राही लाभान्वित होंगे। अब तक 22,285 रजिस्ट्रियां तैयार हो चुकी हैं, जबकि शेष का कार्य जारी है। योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को उनकी आवासीय संपत्ति का अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराया जाएगा। इससे संपत्ति पर वैधानिक अधिकार सुनिश्चित होने के साथ ग्रामीणों को भविष्य में विभिन्न शासकीय एवं वित्तीय कार्यों में भी सुविधा मिलेगी। आप देख रहे है 👇