कलेक्टर गुप्ता ने अधूरी पेयजल योजनाओं को पूर्ण कराने के दिए निर्देश
खण्डवा.कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने गुरूवार शाम को जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रगतिरत नल जल योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। जनपद पंचायत खण्डवा के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कार्यपालन यंत्री सुश्री वर्षा शिवपुरे, जिला स्तरीय समिति के सदस्य सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। उन्होंने अधूरी पेयजल योजनाओं वाले गांवों के सरपंच सचिवों से एक एक कर चर्चा की और सभी को इस माह के अंत तक पेयजल योजना हर हाल में पूर्ण करने की सख्त हिदायत दी।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुकी नल जल योजनाओं को वे अपनी देखरेख में पंचायतों को हस्तांतरित कराएं। उन्होंने कहा कि जो नल जल योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, उनका संयुक्त निरीक्षण जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और सहायक यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग करें। जो भी कमी पाई जाए, उसे पूर्ण कराया जाए तथा सभी कमी पूर्ण होने के बाद पेयजल योजना पंचायत को हस्तांतरित कर दी जाए।
बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से कहा कि गांव में संचालित पेयजल योजनाओं के व्यवस्थित संधारण के लिए ग्रामीणों से जलकर की वसूली नियमित रूप से की जाए, क्योंकि यदि जलकर वसूली नहीं की जाएगी तो पंचायत को पेयजल योजना के संधारण में कठिनाई आएगी। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि खालवा विकासखण्ड की पंचायतों में जल जीवन मिशन सम्बंधी कार्यों में प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट की तथा निर्देश दिए कि इस ग्रीष्म ऋतु के शुरू होने से पूर्व खालवा क्षेत्र की सभी पंचायतों में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करें।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें