मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के ताप्ती सेवा समिति द्वारा समाज एवं प्रशासनिक सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों के सम्मान की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पदोन्नति प्राप्त होने पर एसपी कार्यालय में पदस्थ अमर इंगले एवं कलेक्टर कार्यालय के निर्वाचन विभाग में पदस्थ प्रमोद मोदी का आत्मीय सम्मान किया गया।
समिति की ओर से दोनों अधिकारियों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई तथा पदोन्नति पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष श्रीमती सरिता भगत ने कहा कि प्रशासनिक सेवाओं में ईमानदारी, समर्पण और जनसेवा की भावना से कार्य करने वाले अधिकारियों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणादायी है। ऐसे अधिकारी अपने कार्यों से प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करते हैं।
एसपी कार्यालय में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में अमर इंगले का अभिनंदन करते हुए समिति ने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर प्रगति की कामना की। वहीं कलेक्टर कार्यालय स्थित निर्वाचन विभाग में प्रमोद मोदी का सम्मान करते हुए समिति ने उनके सफल एवं गौरवपूर्ण कार्यकाल के लिए शुभेच्छाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर समिति के सचिव धर्मेंद्र सोनी, उपाध्यक्ष अत्ताउल्लाह खान, विनय पुनीवाला, डॉ. यूसुफ खान, रियाज उल हक अंसारी, बसंत पाल, देवचंद शर्मा, नंदकिशोर वाणे, राजेश पटेल, सरपंच रूपेश इंगले, राजेश भगत सहित ताप्ती सेवा समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह के दौरान दोनों अधिकारियों ने ताप्ती सेवा समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज से मिलने वाला सम्मान उन्हें अपने दायित्वों का और अधिक समर्पण एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के अंत में समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि अमर इंगले एवं प्रमोद मोदी अपने अनुभव, कार्यकुशलता और जनसेवा की भावना से भविष्य में भी प्रशासनिक सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देते रहेंगे तथा समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें