17 माह से वेतन नहीं मिला, दीपावली से पहले 25 हजार रुपये एडवांस दें ,नेपा मिल कर्मचारियों का पैदल मार्च, सीजीएम को सौंपा ज्ञापन
17 माह से वेतन नहीं, दीपावली पर पीएफ से 50 लाख का कर्ज लेने को मजबूर कर्मचारी दीपावली से पहले भुगतान की उम्मीद टूटी तो निकाला पैदल मार्च, सीएमडी के नाम सौंपा ज्ञापन
नेपानगर । एशिया की पहली कागज मिल के रूप में पहचान रखने वाली नेपा मिल में 17 माह से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों की आर्थिक परेशानी बढ़ती जा रही है। दीपावली से पहले बकाया वेतन मिलने की उम्मीद टूटने पर बुधवार को कर्मचारियों ने मिल के मुख्य द्वार से प्रशासनिक भवन तक पैदल मार्च निकाला। इसके बाद सीएमडी नरेश सिंह के नाम सीजीएम आर. अलागेसन को ज्ञापन सौंपकर बकाया वेतन का जल्द भुगतान करने की मांग की।
दीपावली मनाने पीएफ से लिया कर्ज
श्रमिक संघ के मुताबिक, दीपावली का त्योहार मनाने के लिए 52 कर्मचारियों ने अपने भविष्य निधि पीएफ खाते से करीब 50 लाख रुपये का ऋण लिया है। लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों के सामने परिवार का खर्च चलाने और त्योहार मनाने का संकट खड़ा हो गया है।
प्रबंधन को पत्र लिखकर मांगी अंतरिम सहायता
श्रमिक संघ ने 28 अक्टूबर को प्रबंधन को पत्र लिखकर बकाया वेतन का जल्द भुगतान करने के साथ दीपावली पर अंतरिम आर्थिक सहायता देने की मांग की थी। पत्र में कर्मचारियों और उनके परिवारों की बिगड़ती आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए प्रबंधन से जल्द निर्णय लेने का आग्रह किया गया। इसके बावजूद भुगतान की उम्मीद पूरी नहीं होने पर कर्मचारियों ने पैदल मार्च निकालकर अपनी मांग दोहराई।
यदि दीपावली से पहले भुगतान संभव नहीं है, तो प्रत्येक कर्मचारी को कम से कम 25 हजार रुपये अंतरिम सहायता के रूप में दिए जाएं।
श्रमिक संघ अध्यक्ष प्रवीण सोनी ने कहा कि कर्मचारी करीब 30 वर्ष पुराने वेतनमान पर काम कर रहे हैं। इसके बावजूद 17 माह से वेतन नहीं मिलना अन्यायपूर्ण है। कर्मचारियों ने नई श्रम संहिता लागू करने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि मिल में दोबारा उत्पादन शुरू करने के प्रबंधन के प्रयासों में श्रमिकों ने पूरा सहयोग दिया है, लेकिन अपने हक की मांग करने पर हर बार आर्थिक तंगी का हवाला दिया जाता है। इससे कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित हो रहा है। श्रमिकों ने औद्योगिक सौहार्द बनाए रखने के लिए तत्काल निर्णय लेने की मांग की। सीजीएम आर. अलागेसन ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें