साइन खेड़ा । नेपानगर क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और शराब के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए नावरा पुलिस ने लगातार सख्ती बरती हुई है। इसी क्रम में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम साईखेड़ा में दबिश देकर एक आरोपी के कब्जे से 7 लीटर हाथ भट्टी की बनी कच्ची शराब जब्त की है।
आरोपी के घर पर मारा छापा
नावरा चौकी प्रभारी सुनील पाटिल ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को ग्राम साईखेड़ा में अवैध रूप से कच्ची शराब बेचे जाने की पुख्ता सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और आरोपी नवल सिंह पिता सेठिया के घर से 7 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब बरामद की। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अन्य संलिप्त लोगों पर भी कसेगा शिकंजा
चौकी प्रभारी सुनील पाटिल ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार में यदि कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं, तो उनकी भी गहनता से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ऐसे सभी तत्वों की शिनाख्त कर रही है। आने वाले दिनों में क्षेत्र में इस तरह के अवैध कारोबार में लिप्त अन्य लोगों के ठिकानों पर भी दबिश दी जाएगी और उनके खिलाफ सख्त नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में खलबली
नावरा पुलिस द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन की इस मुस्तैदी से ग्रामीण अंचल में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगने की उम्मीद है। पुलिस ने दो टूक कहा है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था और कानून का राज बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें