नेपानगर। सोमवार को गोंड समाज द्वारा वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज की ओर से एक भव्य शोभायात्रा चल समारोह निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में सहभागिता की।
बीड़ से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा
आयोजन की शुरुआत बीड़ क्षेत्र से हुई। यहां से आरंभ हुई शोभायात्रा नेपानगर शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों और इलाकों से होती हुई गुजरी। यात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह समाजजनों और नागरिकों द्वारा उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। इस चल समारोह में महिलाएं, पुरुष, युवा, बच्चे और बुजुर्ग पारंपरिक और आकर्षक वेशभूषा में शामिल होकर आकर्षण का केंद्र बने।
आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी पहुंचे लोग
इस आयोजन में केवल शहरी क्षेत्र ही नहीं, बल्कि नेपानगर के आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कार्यक्रम में बोरसल, चांदनी, बीड़, रतागढ़, निम्ना, बदनापुर, मांडवा और सीवल गांवों से पहुंचे समाजबंधुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
महिला सशक्तिकरण और प्रेरणा की प्रतीक हैं रानी दुर्गावती
आयोजन के दौरान समाज के वक्ताओं और प्रमुख लोगों ने रानी दुर्गावती के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वीरांगना रानी दुर्गावती गोंड समाज के लिए आदर्श हैं। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में जंगल और ग्रामीण अंचल में निवास करने वाले समुदायों का नेतृत्व किया तथा समाज को संगठित रखा। जनजातीय महिलाओं को नई दिशा और संबल प्रदान करने के उद्देश्य से उनकी जयंती को हर साल बड़े उल्लास के साथ मनाया जाता है।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें