चांदनी के नौनिहालों का भविष्य दांव पर , पीएम श्री स्कूल जाने वाले छात्रों के लिए बस स्टॉपेज की मांग, प्रशासनिक उपेक्षा से बढ़ रही मुश्किलें
नेपानगर । ग्राम चांदनी से प्रतिदिन पीएम श्री विद्यालय नेपानगर शिक्षा ग्रहण करने आने वाले विद्यार्थियों की राह में परिवहन व्यवस्था सबसे बड़ा रोड़ा बन गई है। बोर्सल मार्ग से होकर गुजरने वाली यात्री बसों का चांदनी गांव में स्टॉपेज न होने के कारण 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। समय पर विद्यालय न पहुंच पाने के कारण विद्यार्थियों का भविष्य अंधेरे में जाता दिख रहा है, जिसे लेकर ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है।
आर्थिक तंगी बनी बड़ी बाधा : ग्रामीणों ने दर्द बयां करते हुए बताया कि क्षेत्र के अधिकांश परिवार मजदूरी और खेती-किसानी पर निर्भर हैं। आर्थिक तंगी के चलते रोजाना निजी वाहनों या महंगे ऑटो का किराया वहन करना इन परिवारों के बस की बात नहीं है। बसें गांव के पास से गुजरती हैं, लेकिन स्टॉपेज न होने के कारण चालक वाहन नहीं रोकते, जिससे मजबूरन छात्रों को रोजाना लंबी दूरी की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन और परिवहन विभाग से गुहार : सरपंच महोदय से विद्यार्थियों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन तथा परिवहन विभाग से तत्काल प्रभाव से ग्राम चांदनी में यात्री बसों का ठहराव (स्टॉपेज) सुनिश्चित करने की मांग की है।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें