बुरहानपुर | 20 अक्टूबर 2026
बुरहानपुर। विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को पुलिस लाइन में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शस्त्र पूजन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान शस्त्रों और पुलिस वाहनों का पूजन कर शक्ति, साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में हर्ष फायर भी किया गया।
शस्त्र पूजन समारोह में लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस, जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज माने, कलेक्टर हर्ष सिंह और पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं शासकीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परंपरानुसार पूजन किया।
भारतीय परंपरा में विजयादशमी पर शस्त्र पूजन को शक्ति, साहस और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक माना जाता है। पुलिस विभाग के लिए यह आयोजन सुरक्षा, अनुशासन और जनसेवा के संकल्प को दोहराने का अवसर भी रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने जिलेवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें