सिंचाई योजनाओं की जांच के निर्देश, किसानों को समय पर पानी देने पर जोर जल उपयोगिता समिति की बैठक में नहरों के रखरखाव, जल वितरण और अवैध कनेक्शनों पर हुई चर्चा
खंडवा। जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक सोमवार को कलेक्टर सभाकक्ष में हुई। इसमें जिले की विभिन्न सिंचाई योजनाओं की समीक्षा कर किसानों को निर्धारित समय पर पानी उपलब्ध कराने और नहरों के रखरखाव पर जोर दिया गया। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने झिरनिया और खंडवा सिंचाई परियोजनाओं की जांच कराने के निर्देश दिए।
बैठक में खंडवा विधायक कंचन तनवे, पंधाना विधायक छाया मोरे, मांधाता विधायक नारायण पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े, कलेक्टर ऋषव गुप्ता और अपर कलेक्टर श्रद्धा शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में पुनासा, किल्लौद, झिरनिया, पंधाना, छैगांवमाखन, खंडवा और सिहाड़ा सिंचाई योजनाओं की प्रगति व संचालन की समीक्षा की गई। सांसद ने कालंका क्षेत्र के 12 गांवों को सिंचाई योजना से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही किसानों को पानी देने का समय निर्धारित करने पर जोर दिया, ताकि जल वितरण व्यवस्थित हो सके।
पुनासा और किल्लौद योजनाओं में समय पर रखरखाव कार्य कराने, पानी की वसूली सुनिश्चित करने और अवैध जल कनेक्शनों पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों से सिंचाई व्यवस्था में सुधार कर किसानों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने को कहा गया।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें