बुरहानपुर नवागत कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने बुधवार को संयुक्त जिला कार्यालय स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों एवं शाखाओं का औचक निरीक्षण
बुरहानपुर जिला नवागत कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने बुधवार को संयुक्त जिला कार्यालय स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों एवं शाखाओं का औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं, कार्यप्रणाली एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखें तथा अनुपयोगी सामग्री को तत्काल हटाकर परिसर को व्यवस्थित रखें।
कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने बाल मनोरंजन कक्ष, कोषालय, कृषि, उद्यानिकी, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, श्रम, खाद्य, भू-अभिलेख, लोक सेवा, सहकारिता, अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय, जनसंपर्क, सांख्यिकी, जन अभियान परिषद, आबकारी विभाग, डाकघर, निर्वाचन शाखा, स्थापना शाखा सहित विभिन्न कार्यालयों एवं शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित शाखा प्रमुखों से विभागीय कार्यों, कार्य निष्पादन की प्रक्रिया तथा लंबित प्रकरणों की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सामाजिक न्याय विभाग में पेंशन योजनाओं की समीक्षा करते हुए पेंशन प्रकरणों की संख्या तथा राज्य शासन एवं केन्द्र शासन की पेंशन योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को मिलने वाले लाभों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने दिव्यांग हितग्राहियों की संख्या तथा दिव्यांग मतदाताओं से संबंधित जानकारी भी ली।
पेंशन प्रकरणों की स्थिति देखी, कंप्यूटर सिस्टम पर भी किया सत्यापन
कलेक्टर श्री कुमार ने पेंशन कार्यालय में पहुंचकर प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया एवं उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कंप्यूटर सिस्टम पर प्रकरणों का स्टेटस भी जांचा तथा संबंधित अधिकारी से कार्यप्रणाली के संबंध में चर्चा की। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी शाखाएं अपने अभिलेख, कार्यालयीन व्यवस्थाएं व्यवस्थित रखें तथा प्रकरणों के निराकरण में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखें। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर श्री राजेश पाटीदार सहित कार्यालय प्रमुख एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें