सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने रेलवे अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण, गुलाबगंज ओवरब्रिज और नेपानगर मातापुर अंडरपास जल्द पूरा करने पर भी जोर ,शिवाजी नगर में ओवरब्रिज की मांग पर बुरहानपुर पहुंचे डीआरएम, 20 हजार आबादी की समस्या देखी
बुरहानपुर। शिवाजी नगर और चिंचाला क्षेत्र के करीब 20 हजार रहवासियों की आवागमन संबंधी समस्या को लेकर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील की पहल पर मंगलवार को भुसावल मंडल के डीआरएम पुनीत अग्रवाल रेलवे अधिकारियों के साथ बुरहानपुर पहुंचे। सांसद ने जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों के साथ शिवाजी नगर रेलवे क्रॉसिंग का निरीक्षण कर यहां ओवरब्रिज निर्माण की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन के कारण रहवासियों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। इससे विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को परेशानी होती है। गुलाबगंज ओवरब्रिज इस क्षेत्र के लिए पर्याप्त विकल्प नहीं है, इसलिए शिवाजी नगर में अलग ओवरब्रिज की तकनीकी एवं व्यावहारिकता की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
सांसद ने डीआरएम को इस संबंध में पत्र भी सौंपा। निरीक्षण के दौरान नेपानगर विधायक मंजू दादू, बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस, महापौर माधुरी पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
गुलाबगंज ओवरब्रिज और मातापुर अंडरपास जल्द पूरा करने की मांग
सांसद पाटील ने गुलाबगंज रेलवे ओवरब्रिज का काम तेजी से पूरा कराने पर जोर दिया। वहीं, विधायक मंजू दादू ने नेपानगर के मातापुर बाजार मुख्य मार्ग पर निर्माणाधीन अंडरपास का काम जल्द पूरा करने की मांग रखी। इन कार्यों के पूरे होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
तीसरी-चौथी रेल लाइन पर भी चर्चा
बैठक के दौरान भुसावल-खंडवा तीसरी एवं चौथी रेल लाइन परियोजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई। सांसद ने कार्यों में तेजी लाने के साथ निर्माण के दौरान किसानों और आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों का निराकरण करने पर जोर दिया। उन्होंने रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर की सुविधा उपलब्ध कराने, नासिक-ओंकारेश्वर ट्रेन शुरू करने और लालबाग स्थित भगवती माता मंदिर मार्ग पर रेलवे फेंसिंग से जुड़ी समस्या का समाधान करने की मांग भी रखी।
यात्री सुविधाओं और ट्रेनों के ठहराव का मुद्दा उठा
डीआरयूसीसी सदस्य पंकज नाटानी ने यात्रियों की सुविधाओं, नई ट्रेनों के ठहराव और अन्य रेल संबंधी मांगों से अधिकारियों को अवगत कराया। वहीं, राजू जोशी ने सांसद पाटील के प्रयासों से क्षेत्र में ट्रेनों के ठहराव के लिए हुई पहल पर आभार जताया।
डीआरएम पुनीत अग्रवाल ने मौके पर समस्याओं को सुना और संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के दौरान पूर्व महापौर अतुल पटेल, अनिल भोसले, राजू जोशी, गजेंद्र पाटील, मनोज टंडन, आदित्य प्रजापति सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी, पार्षद, रेलवे अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें