इच्छा देवी जी की विशाल चुनरी यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए बैठकों का दौर शुरू, क्षेत्र में बढ़ा उत्साह
बुरहानपुर । माँ इच्छा देवी जी की आगामी विशाल चुनरी यात्रा को इस वर्ष और अधिक भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी सिलसिले में क्षेत्र के दरियापुर, बलबाल टेकरी एवं जैनाबाद में विशेष बैठकों का आयोजन किया गया। इस बैठकों में आयोजन समिति के सदस्यों और प्रबुद्ध जनों ने स्थानीय धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से संवाद कर यात्रा की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि माता रानी की यह चुनरी यात्रा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और धार्मिक आस्था का प्रतीक है। इसे और अधिक भव्य तथा दिव्य रूप देने के लिए सभी का सहयोग अनिवार्य है। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है इस पावन यात्रा में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करें और यात्रा को ऐतिहासिक बनाएं।
वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी रहे मौजूद
तैयारी बैठकों के इस विशेष अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज माने, जिला पंचायत सदस्य श्री अनिल राठौर, दरियापुर मंडल अध्यक्ष श्री गणेश पाटिल, दरियापुर मंडल महामंत्री श्री मनोज राठौर एवं वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल प्रजापति जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, धर्मप्रेमी बंधु और माता के भक्त तैयारियों की रणनीति बनाने में शामिल हुए।
बैठकों में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी यात्रा को लेकर भारी उत्साह दिखाया और इसे पूरी भव्यता के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया। आयोजन से जुड़े सभी लोगों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस विशाल चुनरी यात्रा में शामिल होकर माँ इच्छा देवी का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाएं।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें