बहादरपुर स्कूल में विद्यार्थियों को तंबाकू के दुष्परिणाम बताए, तंबाकू मुक्त परिसर बनाने की दी जानकारी तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बुरहानपुर। युवाओं एवं विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों से जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के अंतर्गत बहादरपुर स्थित माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से होने वाले मुंह के कैंसर, हृदय रोग और श्वसन संबंधी गंभीर बीमारियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वयं तंबाकू से दूर रहने और परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की समझाइश दी गई। साथ ही तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान की गाइडलाइन बताते हुए विद्यालय परिसर में निषेध सूचना बोर्ड, जागरूकता पोस्टर लगाने और तंबाकू मॉनिटर नियुक्त करने की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को बताया गया कि विद्यालय की बाहरी सीमा से 100 गज (300 फीट) तक का क्षेत्र तंबाकू मुक्त होना चाहिए। इस दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित है। उन्हें सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम-2003 के प्रावधानों से भी अवगत कराया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके वर्मा के मार्गदर्शन तथा जिला नोडल अधिकारी डॉ. भरत चौधरी के नेतृत्व में जिलेभर में अभियान के तहत जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें