जामुनिया में एचआईवी और सिफिलिस जांच शिविर आयोजित, 41 ग्रामीणों की हुई स्क्रीनिंग , नि:शुल्क उपचार की दी जानकारी
बुरहानपुर। मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में एचआईवी जांच एवं स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार वर्मा के निर्देश पर बुधवार को ग्राम पंचायत जामुनिया में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में महिला एवं पुरुषों सहित कुल 41 लोगों की एचआईवी एवं सिफिलिस जांच की गई। साथ ही उपस्थित ग्रामीणों को संक्रमण, बचाव और उपचार के संबंध में परामर्श दिया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खकनार के आईसीटीसी परामर्शदाता हरलाल सिसोदिया ने ग्रामीणों को एचआईवी एवं सिफिलिस संक्रमण के कारणों, प्रमुख लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बार-बार टीबी जैसी संक्रमण संबंधी बीमारी होना, रात में अत्यधिक पसीना आना, दो से तीन माह तक लगातार बुखार रहना, अचानक वजन कम होना और बार-बार दस्त लगना जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
ऐसे लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी आईसीटीसी केंद्र में एचआईवी की नि:शुल्क जांच करानी चाहिए। एचआईवी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर घबराने की आवश्यकता नहीं है। मरीज को बुरहानपुर एआरटी केंद्र से नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाती हैं। नियमित रूप से दवाओं का सेवन करने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने से रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने लोगों से समय पर जांच कराने और उपचार के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खकनार के बीएमओ डॉ. पुष्पेंद्र जामले के मार्गदर्शन में ग्रामीण क्षेत्रों में आईसीटीसी परामर्शदाता द्वारा लगातार जागरूकता एवं जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर मुस्कान पांडे ने नियमित स्वास्थ्य जांच की। इस दौरान आशा कार्यकर्ता अर्चना निकम, संगीता राठौड़, आशा सहयोगिनी ज्योति निगम, एमटीएस रोहित चितलात्रे सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें