स्वामित्व योजना के पंजीयन में तेजी लाने अधिकारी मैदान में उतरे, कलेक्टर ने गांवों में पहुंचकर देखी प्रगति ,बिरोदा और बहादरपुर में किया निरीक्षण, कलेक्टर के समक्ष हितग्राहियों की कराई पंजीयन प्रक्रिया
बुरहानपुर । ग्रामीणों को उनकी आवासीय संपत्ति का वैधानिक अधिकार दिलाने के लिए जिले में स्वामित्व योजना के पंजीयन कार्य में तेजी लाई जा रही है। इसके लिए 31 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मैदानी स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी गई। अधिकारियों ने आवंटित पटवारी हल्कों में पहुंचकर राजस्व अमले के साथ पंजीयन कार्य की प्रगति देखी।
कलेक्टर विवेक कुमार के निर्देश पर सुबह 7:30 बजे कलेक्ट्रेट में अधिकारियों की ब्रीफिंग हुई। इसके बाद अधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में पहुंचे। पंजीयन कार्य में पटवारियों के सहयोग के लिए ग्राम पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों को भी लगाया गया, ताकि पात्र हितग्राहियों की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
कलेक्टर ने मौके पर कराई पंजीयन प्रक्रिया
कलेक्टर विवेक कुमार स्वयं भी मैदानी भ्रमण पर निकले। उन्होंने ग्राम बिरोदा और बहादरपुर पहुंचकर स्वामित्व योजना के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों से पंजीयन की प्रगति की जानकारी लेते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर स्वामित्व अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बहादरपुर में कलेक्टर ने अपने समक्ष हितग्राहियों की पंजीयन प्रक्रिया भी संपन्न कराई।
उन्होंने ग्रामीणों को योजना की जानकारी देते हुए बताया कि स्वामित्व अभिलेख मिलने से परिवारों को अपनी आवासीय संपत्ति का कानूनी दस्तावेज मिलेगा। इससे संपत्ति पर अधिकार संबंधी स्पष्टता आएगी और जरूरत पड़ने पर बैंक एवं वित्तीय संस्थानों से ऋण लेने में भी सुविधा मिलेगी।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें