अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने ग्रामीणों से मांगा सहयोग, नशामुक्त गांव बनाने की अपील जनसंवाद में ग्रामीणों को बताए नशे के दुष्परिणाम
खण्डवा। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए खण्डवा पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अवैध शराब के कारोबार की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की।
जनसंवाद के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को शराब और अन्य नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों से अवगत कराया। पुलिस ने कहा कि गांव या आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब का निर्माण अथवा बिक्री होने की जानकारी मिलने पर बिना किसी डर के पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान ग्रामीणों की स्थानीय समस्याएं और सुझाव भी सुने गए तथा उनके निराकरण का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने गांव को नशामुक्त बनाने तथा अवैध शराब जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का संकल्प लिया।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें