खकनार थाने पहुंचे एसपी बागरी, लंबित अपराधों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश
बुरहानपुर। पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने बुधवार रात थाना खकनार का औचक निरीक्षण कर पुलिस की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, मालखाना, शस्त्रागार और पुलिस रिकॉर्ड की जांच की। साथ ही साफ-सफाई एवं जब्त सामग्री के व्यवस्थित रखरखाव को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए।
एसपी ने मालखाने में रखी जब्त सामग्री और अपराधों से संबंधित संपत्ति का रिकॉर्ड दुरुस्त रखने तथा शस्त्रागार में हथियारों की नियमित जांच करने को कहा। उन्होंने लंबित अपराधों की समीक्षा करते हुए विवेचकों को जांच में तेजी लाने और मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। गंभीर अपराधों में विशेष सतर्कता बरतने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया।
उन्होंने आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, क्षेत्र में नियमित गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए। एसपी ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन और टीम भावना के साथ काम करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने की हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी अभिषेक जाधव सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें