दीपावली मिलन समारोह से लौट रहे थे अजय महाजन, हादसे में दो अन्य घायल; खंडवा जिला अस्पताल में तोड़ा दम
खंडवा। अमरावती स्टेट हाईवे पर ग्राम लहचूरा के पास गुरुवार रात दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। भीषण हादसे में खकनार के कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अजय महाजन और दूसरी कार में सवार श्रवण की मौत हो गई, जबकि अक्षय और प्रमोद घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक कार सड़क किनारे पलट गई, वहीं दूसरी कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, अजय महाजन दीपावली मिलन समारोह में शामिल होने के बाद कार से लौट रहे थे। इसी दौरान लहचूरा के पास सामने से आ रही दूसरी कार से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर कारों में फंसे लोगों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने अजय महाजन और श्रवण को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल अक्षय और प्रमोद का उपचार जारी है। शुक्रवार सुबह मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई।
कांग्रेस नेताओं में शोक, अस्पताल पहुंचे पदाधिकारी
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अजय महाजन की मौत की खबर मिलते ही पार्टी में शोक की लहर फैल गई। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिला अस्पताल पहुंचे तथा मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। भगत सिंह वार्ड के कांग्रेस पार्षद इकबाल पहलवान सहित अन्य नेताओं ने भी हादसे को लेकर दुख जताया। बताया गया कि पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अरुण यादव कार्यक्रम से पहले ही रवाना हो गए थे।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें