जल संकट से निपटने के लिए गांवों और वार्डों की बनेगी कार्ययोजना, वर्षा से पहले बैराजों की मरम्मत और तालाबों का होगा गहरीकरण
बुरहानपुर। संभावित जल संकट से निपटने के लिए अब जिले में जल संरक्षण और जल प्रबंधन को लेकर व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस ने कहा कि पानी बनाया नहीं जा सकता, लेकिन उपलब्ध जल को सहेजना और उसका सदुपयोग करना हमारे हाथ में है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक में जल संरक्षण का संस्कार, स्वभाव और अनुशासन विकसित करना होगा। जल संरक्षण को सरकारी विभागों तक सीमित रखने के बजाय जनभागीदारी से जनआंदोलन का रूप देना जरूरी है।
यह निर्देश उन्होंने बुधवार को सर्किट हाउस में कलेक्टर विवेक कुमार, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन की समीक्षा बैठक में दिए। चिटनिस ने कहा कि आगामी वर्षा ऋतु से पहले सभी विभाग अपनी कार्ययोजना तैयार कर उसका क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। प्रत्येक गांव और वार्ड में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
हर वार्ड में बनेगी जल संरक्षण कार्ययोजना
नगर निगम बुरहानपुर एवं नगर परिषद शाहपुर के कार्यों की समीक्षा करते हुए चिटनिस ने प्रत्येक वार्ड में जल संरक्षण की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। मोहल्ला समितियों का गठन कर जल चौपाल आयोजित करने, नए एवं व्यावसायिक भवनों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य कराने तथा सार्वजनिक और घरेलू नल कनेक्शनों में टोंटियां लगाने पर जोर दिया। निजी टैंकरों की संख्या और उनके जल स्रोतों की जानकारी जुटाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा परंपरागत कुओं-बावड़ियों की सफाई, सोख्ता गड्ढों का निर्माण और शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए तीन से पांच साल की पौधारोपण योजना तैयार करने को कहा।
वर्षा से पहले बैराजों की मरम्मत, तालाबों का होगा गहरीकरण
जल संसाधन विभाग की समीक्षा में पिछले वर्ष बैराजों के गेट समय पर बंद नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि भावसा सहित कुछ स्थानों पर ग्रामीणों को स्वयं रेत की बोरियां लगाकर पानी रोकना पड़ा था। ऐसी स्थिति दोबारा नहीं बने, इसके लिए वर्षा ऋतु से पहले सभी बैराजों के गेट और संबंधित संरचनाओं की मरम्मत पूरी की जाए। सेलगांव, बोदरली, बख्खारी और तारापाटी के कार्यों में तेजी लाने तथा भावसा बांध के गेटों की तकनीकी स्थिति की रिपोर्ट आगामी टीएल बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
हर गांव का बनेगा जल मानचित्र
ग्रामीण क्षेत्रों में जल प्रबंधन के लिए प्रत्येक गांव का जल मानचित्र तैयार किया जाएगा। इसमें नदी, नाले, प्राकृतिक जल प्रवाह मार्ग, जल स्रोत और जल संग्रहण संरचनाओं को चिह्नित किया जाएगा। नदियों और नालों से अतिक्रमण हटाने के लिए सर्वेक्षण, वन क्षेत्रों में जल स्रोतों के उद्गम स्थलों की पहचान तथा ग्राम जल समितियों को सक्रिय करने के निर्देश दिए। खेतों में मेड़बंदी, खंती निर्माण और वर्षा जल को खेतों में रोकने के उपाय अपनाने पर भी जोर दिया।
मिट्टी और जल के लिए बनेगा जिला स्तरीय ज्ञान केंद्र
चिटनिस ने जिले में मिट्टी एवं जल संबंधी जिला स्तरीय ज्ञान केंद्र स्थापित करने की पहल करने को कहा। इसके माध्यम से मिट्टी की गुणवत्ता, भूजल स्तर, जल उपलब्धता और संरक्षण के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी किसानों, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों को उपलब्ध कराई जाएगी।
कम पानी वाली फसलों को मिलेगा बढ़ावा
कृषि, उद्यानिकी एवं पशुपालन विभाग की समीक्षा में उन्होंने कहा कि जिले में केले की खेती बड़े पैमाने पर होती है। एक ही फसल पर निर्भरता और अधिक जल उपयोग से भूजल पर दबाव बढ़ता है। ऐसे में किसानों को कम पानी में बेहतर आमदनी देने वाली वैकल्पिक फसलों के लिए प्रोत्साहित करना होगा। प्रगतिशील किसानों से संवाद कर फसल विविधीकरण की योजना बनाने तथा पशुधन और दुग्ध उत्पादन के विकास के लिए नाबार्ड के माध्यम से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
एक सप्ताह में देनी होगी कार्ययोजना
कलेक्टर विवेक कुमार ने सभी विभागों को एक सप्ताह के भीतर ठोस एवं परिणाममूलक कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसमें प्रत्येक कार्य की जिम्मेदारी, समय-सीमा और अपेक्षित परिणाम स्पष्ट रूप से दर्ज करना होगा। उप कलेक्टर राजेश पाटीदार के माध्यम से कार्ययोजनाएं आगामी टीएल बैठक के पहले प्रस्तुत की जाएंगी।
बैठक में महापौर माधुरी अतुल पटेल, शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष के प्रतिनिधि वीरेंद्र तिवारी, अपर कलेक्टर सृजन वर्मा, डिप्टी कलेक्टर राजेश पाटीदार, नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें