कलेक्टर ने किया गन्ने के साथ प्याज की अंतरवर्ती खेती का निरीक्षण, किसानों ने उठाई उचित मूल्य की मांग
नेपानगर | किसानों की आय बढ़ाने और कृषि विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कलेक्टर विवेक कुमार ने बुधवार को आंदावाड़ी क्षेत्र स्थित 'चौहान कृषि फार्म एवं नर्सरी' का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गन्ने के साथ प्याज की अंतरवर्ती खेती (इंटरक्रॉपिंग) के मॉडल का अवलोकन किया, वहीं स्थानीय किसानों ने गन्ने के समर्थन मूल्य में वृद्धि करने की प्रमुख मांग रखी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खेतों में जाकर फसल की वर्तमान स्थिति, उत्पादन लागत और अपनाई जा रही आधुनिक कृषि पद्धतियों की बारीकी से जानकारी ली। फार्म संचालक गणेश चौहान ने प्रशासनिक अमले को वर्षा ऋतु में प्याज की उन्नत खेती और गुणवत्तापूर्ण प्याज बीज उत्पादन की तकनीकों से अवगत कराया।
पारंपरिक कृषि और विविधीकरण की सराहना
कलेक्टर विवेक कुमार ने खेतों में बैलों के माध्यम से किए जा रहे पारंपरिक कृषि कार्यों की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि एक ही खेत में गन्ने के साथ प्याज की सह-फसल लेना कृषि विविधीकरण का एक उत्कृष्ट उदाहरण है, जिससे किसान कम लागत में दोहरा मुनाफा कमा सकते हैं। अधिकारियों ने कृषि नवाचारों और नई तकनीकों को अन्य किसानों तक पहुंचाने पर भी चर्चा की।
गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग
भ्रमण के दौरान क्षेत्र के गन्ना उत्पादक किसानों ने कलेक्टर के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए गन्ने का उचित मूल्य दिलाने और भाव में वृद्धि करने की मांग उठाई। किसानों का कहना था कि बढ़ती लागत के अनुपात में उपज का बेहतर दाम मिलना बेहद जरूरी है।
इनकी रही उपस्थिति
इस निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि आरएस जाट, उप संचालक उद्यानिकी एसआर चौहान, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक कार्तिकेय सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही प्रगतिशील किसान मुकेश चौधरी व बड़ी संख्या में क्षेत्र के कृषक उपस्थित थे।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें