नशे के दुष्परिणाम बताए, अवैध कारोबार की सूचना देने की अपील; मुखबिर की पहचान गोपनीय रखने का दिया भरोसा
खंडवा। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से खंडवा पुलिस का जनसंवाद अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना मोघट रोड और थाना जावर पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम मूंदवाड़ा में ग्रामीणों से संवाद किया।
जनसंवाद में थाना प्रभारी मोघट रोड निरीक्षक विकास खिची और थाना प्रभारी जावर निरीक्षक सुलोचना गेहलोत ने ग्रामीणों को अवैध शराब और नशे के शारीरिक, मानसिक व आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने अपील की कि गांव या आसपास अवैध शराब बनाने अथवा बेचने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव भी सुने गए। अंत में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने गांव को नशामुक्त बनाने तथा अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने में पुलिस का सहयोग करने का संकल्प लिया।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें