खंडवा में पत्रकार से अभद्रता पर प्रेस क्लब नाराज, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए शालीन व्यवहार के निर्देश वरिष्ठ पत्रकार जय नागड़ा को जेल भेजने की धमकी देने का आरोप, प्रेस क्लब ने की सार्वजनिक या लिखित माफी की मांग
खंडवा। पत्रकारों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों के व्यवहार को लेकर खंडवा में विवाद सामने आया है। वरिष्ठ पत्रकार जय नागड़ा के साथ सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह द्वारा कथित अभद्रता और जेल भेजने की धमकी देने के मामले में खंडवा प्रेस क्लब ने नाराजगी जताई है। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने कलेक्टर ऋषव गुप्ता को शिकायती पत्र सौंपकर संबंधित अधिकारी से सार्वजनिक अथवा लिखित रूप में माफी मांगने की मांग की है।
प्रेस क्लब के अनुसार, पत्रकार जय नागड़ा यातायात जाम में फंसे लोगों की परेशानी को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था का सुझाव दे रहे थे। इसी दौरान सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा सार्वजनिक रूप से अभद्र व्यवहार करने और जेल भेजने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। प्रेस क्लब ने इसे पत्रकारों की गरिमा और सम्मान से जुड़ा मामला बताते हुए प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की।
अधिकारियों को व्यवहार में संयम रखने के निर्देश
मामले के बाद कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले संबंधित विभागों के बीच आपसी समन्वय बनाने को कहा है। साथ ही कार्रवाई के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए समय का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समय में शांतिपूर्ण तरीके से कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
पत्रकार ही नहीं, आमजन से भी शालीन व्यवहार जरूरी
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने स्पष्ट किया कि सभी एसडीएम, तहसीलदारों और प्रशासनिक अमले को निर्देशित किया गया है कि किसी भी कार्रवाई के दौरान भाषा में संयम और व्यवहार में शालीनता रखी जाए। यह निर्देश केवल पत्रकारों के लिए नहीं, बल्कि आम नागरिकों के प्रति भी समान रूप से लागू होते हैं। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन की गरिमा का ध्यान रखना भी जरूरी है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें