बिलासपुर से कोयले का रैक रवाना, नेपानगर पहुंचते ही शुरू होगा उत्पादन; सीएमडी बोले- सुरक्षा से समझौता नहीं कागज उत्पादन से पहले नेपा मिल में सुरक्षा जांच, फायर ड्रिल कर परखी व्यवस्था
नेपानगर। नेपा मिल में एक बार फिर कागज उत्पादन शुरू करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। बिलासपुर से कोयले का रैक रवाना हो चुका है। इसके नेपानगर पहुंचते ही मशीनें चालू कर उत्पादन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उत्पादन शुरू करने से पहले मंगलवार को मिल प्रबंधन ने फायर ड्रिल आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रायोगिक प्रदर्शन भी किया।
भोपाल गैस त्रासदी की विभीषिका की स्मृति में 17 नवंबर से औद्योगिक सुरक्षा पखवाड़े की शुरुआत की गई है। इसका मुख्य आयोजन 3 दिसंबर को मिल परिसर में होगा। सीएमडी नरेश सिंह ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि नेपा मिल के कर्मचारियों ने हर विषम परिस्थिति में संस्थान को संभाले रखा है। उत्पादन और मशीनों का संचालन महत्वपूर्ण है, लेकिन सुरक्षा से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जा सकता। कर्मचारी कारखाने के लिए कीमती हैं, लेकिन अपने परिवार के लिए अनमोल हैं। इसलिए प्रत्येक कर्मचारी अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।
अग्नि दुर्घटना से लिया सबक
विभागाध्यक्ष अग्नि एवं सुरक्षा संजय पवार ने पिछले दिनों पेपर मशीन संयंत्र में हुई अग्नि दुर्घटना का उल्लेख किया। इस घटना में कंट्रोल पैनल प्रभावित हुए थे। उन्होंने सीमित संसाधनों के बीच तत्काल निर्णय लेकर स्थिति नियंत्रित करने का अनुभव साझा किया। इसके बाद अग्निशमन विभाग के जियाउद्दीन शेख, संदेश चौहान और जयदेव दलवी ने अग्निशमन उपकरणों के उपयोग और आग बुझाने का प्रायोगिक प्रदर्शन किया।
पखवाड़े में होंगी विभिन्न गतिविधियां
जनसंपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे ने बताया कि पखवाड़े के दौरान फायर ड्रिल, औद्योगिक सुरक्षा नारा प्रतियोगिता और सुरक्षा विषयक फिल्मों के प्रदर्शन सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। सहायक प्रबंधक औद्योगिक संरक्षा प्रशांत सोनी एवं उनकी टीम इन गतिविधियों का संचालन कर रही है। इस दौरान पूर्व निदेशक वित्त प्रदीप कुमार नाइक, निदेशक वित्त पीजेएम डिक्सन, प्रबंधक अनुरक्षण विजय चौधरी, प्रबंधक पेपर मशीन केके देशमुख, प्रबंधक इंस्ट्रूमेंट्स मनीषकांत शर्मा, उप प्रबंधक पावर हाउस सुधीर पटले सहित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें